छठ पर्व को लेकर डीएम और एसपी ने किया संगम घाट का निरीक्षण
सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जहानाबाद | 24 अक्टूबर 2025
लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज सुबह जिला पदाधिकारी, जहानाबाद एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद द्वारा नगर क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरबाड़ी स्थित संगम घाट, गौरक्षणी का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा आने-जाने वाले मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद को निर्देश दिया कि घाट परिसर में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाए और पर्याप्त मात्रा में बल्ब व जनरेटर की व्यवस्था की जाए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी और संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
दोनों अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से भी अपील की कि वे प्रशासन को सहयोग प्रदान करें ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, सर्किल इंस्पेक्टर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Bihar Police | Home Department, Govt. of Bihar | Range IG, Gaya
