छठ पूजा को लेकर नवगछिया पुलिस अधीक्षक ने किया घाटों का निरीक्षण

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, नवगछिया
नवगछिया। लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नवगछिया जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, नवगछिया द्वारा आज दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाटों की सफाई व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, और श्रद्धालुओं के आवागमन की सुगमता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
अधिकारियों को यह भी कहा गया कि नदी किनारे सुरक्षित दूरी तक बैरिकेडिंग की व्यवस्था हो ताकि कोई भी श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी में न जाए। साथ ही एसडीआरएफ की टीमों को सतर्क रहते हुए सुरक्षा मोर्चे पर तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी घाटों पर पुलिस बल, महिला पुलिस बल, और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। संवेदनशील घाटों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं श्रद्धाभावपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी एवं पुलिस बल पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं।
“छठ पर्व लोकआस्था का प्रतीक है — श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
— पुलिस अधीक्षक, नवगछिया
#BiharPolice
#BhagalpurPolice
#HainTaiyarHum
#NaugachiaPolice
#Bihar
#ChhathPuja2025
