छपरा में बच्चा बिक्री रैकेट का खुलासा, मां की कोख से छीन लिया नवजात, 5 लाख में किया सौदा

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, सारण (छपरा)
सारण जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गिरोह द्वारा नवजात शिशु की अवैध खरीद-फरोख्त का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और पांच लाख रुपये में बेचे गए नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरि किशोर प्रसाद (निवासी भटवलिया, थाना जनता बाजार, सारण), सोनू गिरी (निवासी रसूलपुर, थाना दुरौंधा, सीवान) और नीरज पासवान (निवासी उखई, थाना मुफ्फसिल, सीवान) के रूप में हुई है।
सारण के एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि 26 सितंबर 2025 को जनता बाजार थाना में एक महिला ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि हरि किशोर प्रसाद और उसके भाई उपेंद्र सिंह ने मिलकर “मां दुर्गा नर्सिंग होम” नामक फर्जी क्लिनिक में उसका प्रसव कराया। प्रसव के बाद दोनों ने अस्पताल बिल के नाम पर दबाव डालकर नवजात को छीन लिया और बेच दिया।
शिकायत के आधार पर थाना में कांड संख्या 228/25 दर्ज की गई और विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले हरि किशोर प्रसाद को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि उसका भाई उपेंद्र सिंह और उसका साथी सोनू गिरी ने नवजात को 5 लाख रुपये में बेच दिया है।
इसके बाद पुलिस टीम ने मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली और गुजरात के वडोदरा पुलिस की मदद से सोनू गिरी को वडोदरा से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नवजात शिशु को सीवान जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उखई गांव से नीरज पासवान के घर से सकुशल बरामद किया गया।
एसएसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। साथ ही “मां दुर्गा नर्सिंग होम” की जांच कर संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
