जगदीशपुर थाना क्षेत्र के शिव मंदिर में चोरी, आस्था व ऐतिहासिक धरोहर पर प्रहार

भागलपुर।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैनी बाजार स्थित नौनिहार रोला के शिव मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। इस संबंध में ग्राम पुरैनी बाजार निवासी राकेश कुमार (पिता–स्व. जनार्थन प्रसाद साह) ने जगदीशपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार चोरी की यह घटना रात्रि करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच हुई। चोर मंदिर से लगभग 6 से 7 किलोग्राम वजनी घंटा, करीब 1 किलोग्राम का कास्य धातु का कलश तथा लगभग 250 ग्राम वजनी चांदी का नाग चोरी कर ले गए। चोरी गए सभी सामान करीब 20 वर्ष पुराने बताए जा रहे हैं, जो न केवल धार्मिक आस्था से जुड़े थे बल्कि ऐतिहासिक धरोहर भी माने जाते थे।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 60 से 70 हजार रुपये के आसपास है। घटना की जानकारी सुबह मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ाती हैं।
पीड़ित राकेश कुमार ने थाना प्रभारी से मामले की गहन जांच कर दोषियों की पहचान एवं उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
#Bhagalpur #Jagdishpur
#TempleTheft #ShivMandir
#CrimeNews #BiharPolice
#LawAndOrder
