जगदीशपुर दुर्गा मंदिर में पूजा मेला को लेकर बैठक

शांति और भव्यता से आयोजन के लिए प्रशासन ने दिया आश्वासन

जगदीशपुर (भागलपुर) : स्थानीय बाजार स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को दुर्गा पूजा मेला की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष अभय शंकर ने की। इसमें जगदीशपुर दुर्गा पूजा समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में चर्चा हुई कि किस तरह से इस वर्ष दुर्गा पूजा मेला को और भी भव्य तथा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। थानाध्यक्ष ने पिछले वर्ष के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि भीड़ प्रबंधन और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती इस बार प्राथमिकता होगी। समिति के सदस्यों ने प्रशासन को मेले की रूपरेखा से अवगत कराया।

प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जगदीशपुर का यह मेला बेहद प्रसिद्ध है, जहां आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता दुर्गा को दलिया चढ़ाने और मेले में शामिल होने आते हैं। सबसे अधिक भीड़ अष्टमी के दिन होती है, जब महिलाएं बड़ी संख्या में डलिया अर्पित करती हैं और भीड़ नियंत्रण चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

बैठक में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष ओमकार मंडल उर्फ बीरबल मंडल, सचिव रुपेश कुमार, कोषाध्यक्ष अमित कुमार उर्फ विनोद यादव, हिमांशु राजा, उमेश पंजियारा, भारती भूषण झा, मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम मंडल, अनारसी तांती, छवि कुमार, चंदन सिंह, भरोसी तांती, गौतम कुमार, इंदर यादव, संजय सिंह, सुमित घोष, विनोदानंद झा, सुमन मंडल, सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रशासन और समिति ने मिलकर यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा मेला पूरी व्यवस्था और शांति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *