जगदीशपुर पुलिस की कार्रवाई: 31 लीटर देसी शराब बरामद, 225 लीटर अर्धनिर्मित शराब नष्ट

जगदीशपुर (भागलपुर)

अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जगदीशपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र के सैनो गाँव में की गई छापेमारी में पुलिस ने बब्लू तांती, पिता किशन तांती, निवासी—सैनो, थाना जगदीशपुर, जिला भागलपुर—के घर से 31 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है।

छापेमारी के दौरान घर में रखे 225 लीटर अर्धनिर्मित देसी शराब (जावा) को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले सामानों को भी जब्त किया।

जगदीशपुर थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध “जन विश्वास, संकल्प हमारा” अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। शराब माफियाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सूचना के आधार पर टीम त्वरित कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि बरामदगी के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है, तथा संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इलाके में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की गतिविधियों पर पूरी सख्ती बरती जाएगी।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि नशा उन्मूलन अभियान में सहयोग करें और आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *