जगदीशपुर में विदेशी शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी जब्त
भागलपुर/जगदीशपुर।

शराबबंदी कानून के बावजूद बिहार में शराब की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रवीण कुमार (उम्र 40 वर्ष), ग्राम – अलौली, थाना – अलौली, जिला – खगड़िया के रूप में हुई है। वह झारखंड के देवघर से विदेशी शराब लेकर अपने गांव अलौली जा रहा था।
शनिवार को वह जैसे ही जगदीशपुर प्रखंड कार्यालय के समीप पहुंचा, पुलिस ने उसे घेरकर दबोच लिया।पुलिस ने उसके पास से 6 बोतल विदेशी शराब (लगभग 5 लीटर) बरामद की है।
साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही अपाचे मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह शराब तस्करी के किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
