जहानाबाद में सरस्वती पूजा और गणतंत्र दिवस को लेकर फ्लैग मार्च, पुलिस ने दिखाई सख्ती,पुलिस अधीक्षक और डीएसपी के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में किया गया सशस्त्र मार्च

जहानाबाद। सरस्वती पूजा 2026 एवं आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 22 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर तथा पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में सशस्त्र बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की गई। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व और राष्ट्रीय पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या शरारती गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना फैलने से रोका जा सके।
आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस को शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को यह स्पष्ट संदेश देना है कि जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और तैयार है।
