जागरूकता रथ को डीएम ने दिखाई हरी झंडी, मतदाता पुनरीक्षण अभियान में तेजी

विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 अभियान के तहत भागलपुर जिले में मतदाता जागरूकता को लेकर एक नया कदम उठाया गया। मंगलवार को समीक्षा भवन के समीप से जागरूकता रथ को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक, जनसंपर्क  नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, वरीय उप समाहर्ता सुधीर कुमार और राजकुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार, डीसीएलआर सदर अपेक्षा मोदी समेत कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि जिले में गणना प्रपत्रों का संग्रहण और अपलोडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए कहा:

  • जिनका नाम 2003 या उससे पहले की मतदाता सूची में है, उन्हें सिर्फ उस सूची की प्रति संलग्न करनी होगी।
  • जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं है और जिनका जन्म 1987 से पहले हुआ है, उन्हें अपने जन्मतिथि अथवा जन्मस्थान से संबंधित दस्तावेज देने होंगे।
  • जिनका जन्म 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच हुआ है, उन्हें अपना तथा माता या पिता में से किसी एक का जन्म प्रमाण देना होगा।
  • जिनका जन्म 2 दिसंबर 2004 के बाद हुआ है, उन्हें अपने और दोनों माता-पिता के जन्म से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी योग्य नागरिक समय रहते दस्तावेज जमा कर, अपने नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में कोई भी योग्य मतदाता छूटने न पाए।

#SpecialIntensiveRevision2025 #कोई_योग्य_मतदाता_छूटे_ना #VidhansabhaElection2025 #BhagalpurAdministration #ElectoralAwareness

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *