जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समन्वय बैठक, अवैध शराब व सड़क सुरक्षा पर सख्ती

खगड़िया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी कांस्टेबल्स को सक्रिय किया जाए। साथ ही शराब निर्माण और बिक्री से जुड़ी संदिग्ध जगहों की पहचान कर चिन्हित क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त
सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर भी जिलाधिकारी ने गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जिले में दोपहिया पर बिना हेलमेट और चारपहिया वाहनों में बिना सीट बेल्ट चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन की जान को गंभीर खतरा है। इसे देखते हुए मोटर वाहन निरीक्षक को प्रतिदिन कम से कम चार घंटे क्षेत्र में रहकर जांच करने का आदेश दिया गया। वहीं संबंधित पुलिस बल को आठ घंटे तक फील्ड में रहकर निगरानी व कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों की मरम्मत कार्य होंगे पूर्ण
बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी विद्यालयों में रंग-रोगन और मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और उपयुक्त वातावरण मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ कानून व्यवस्था, स्वच्छता और जनसुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है।
