जिलाधिकारी ने किया बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण, सुविधाओं से संतुष्ट दिखे लोग


भागलपुर, 9 अगस्त – जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र स्थित दो बाढ़ राहत शिविरों—टीएनबी कॉलेजिएट और सीटीएस चर्च मैदान—का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवासन, भोजन, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, मानव चिकित्सा और पशु चिकित्सा जैसी सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।

 

टीएनबmकॉलेजिएट शिविर में भोजन कर रहे लोगों से जिलाधिकारी ने खाने की गुणवत्ता के बारे में पूछा और संपूर्ण व्यवस्था पर फीडबैक लिया। लोगों ने संतोषजनक उत्तर देते हुए राहत शिविर की व्यवस्था पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने बच्चों से हाल-चाल भी जाना और उन्हें पढ़ाई व खेल-कूद के लिए प्रोत्साहित किया।

सीटीएस चर्च मैदान राहत शिविर में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य शिविर की पंजी का अवलोकन किया, जिसमें 108 लोगों की स्वास्थ्य जांच दर्ज थी। मौके पर मौजूद चिकित्सकों से उन्होंने उपचार और सुविधाओं को लेकर बातचीत की। साथ ही, खाना बनाने वाले रसोइयों को निर्देश दिया कि तेल और मसालों का प्रयोग न्यूनतम रखें, ताकि भोजन पचने योग्य और स्वास्थ्यकर बना रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार, उप नगर आयुक्त नगर निगम भागलपुर, वरीय उप समाहर्ता अंकिता कुमारी और अन्य स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *