टहसुर घाट पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

भागलपुर। जगदीशपुर प्रखंड के भवानीपुर देसरी पंचायत अंतर्गत टहसुर घाट पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा उबाल पर है। ग्रामीण उत्थान संघर्ष समिति के बैनर तले शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई। समिति के नेताओं ने आरोप लगाया कि दशकों से आवाजाही की समस्या झेल रहे हजारों लोग आज भी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं।
समिति के सदस्यों राकेश कुमार साह, धनंजय कुमार और पंकज मंडल ने बताया कि टहसुर घाट पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाना तक कठिन हो जाता है। ग्रामीणों को नाव और अस्थायी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके से कई बार विधायक और सांसद चुने गए, लेकिन किसी ने भी पुल निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की। संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि जब तक पुल निर्माण की ठोस घोषणा नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से इस क्षेत्र की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी आवाज अनसुनी की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
