टैंकर की टक्कर से दो व्यक्ति घायल

एक को मायागंज अस्पताल रेफर

भागलपुर (जगदीशपुर)। सरोजिनी पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार टैंकर ने दो लोगों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को जगदीशपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान मनोहर कुमार (15 वर्ष), पिता अनुज कुमार भगत, निवासी जगदीशपुर दादा टोला तथा वीरेंद्र कुमार (48 वर्ष), पिता स्व. महेंद्र साह, निवासी जगदीशपुर बाबू टोला के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनोहर कुमार पढ़ाई के लिए कोचिंग जा रहा था, तभी टैंकर की चपेट में आ गया। वहीं, सड़क किनारे मौजूद वीरेंद्र कुमार भी इस हादसे का शिकार हो गए।

ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए टैंकर को पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और टैंकर को जब्त कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *