ठंड से बचाव के लिए दिव्यांगजनों व जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण

शंभुगंज/बांका।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए शंभुगंज प्रखंड में प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों और दिव्यांगजनों के लिए राहत कार्य तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, शंभुगंज द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान ठंड से बचाव हेतु दिव्यांगजनों एवं गरीब, असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।

यह कंबल वितरण कार्यक्रम सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बांका के सहयोग से संपन्न हुआ। सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा शंभुगंज प्रखंड के लिए कंबल उपलब्ध कराए गए, ताकि शीतलहर के प्रकोप से गरीब और निःसहाय लोगों को राहत मिल सके। प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पकरिया पंचायत के रायपुर ढाड़ी निवासी दिव्यांग मंगल रजक सहित जगरनाथपुर के कुमार, सुमीत कुमार, कंचन मंडल, दिनेश तांती, राजेश सिंह, छोटे लाल पासवान समेत कुल 25 गरीब, निःसहाय एवं दिव्यांगजनों के बीच कंबल का वितरण किया गया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है। आगे भी जरूरत के अनुसार ऐसे राहत कार्य जारी रहेंगे।

कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी देखी गई और उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में यह सहायता गरीबों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *