डायल-112 चालक समान वेतन व राज्यकर्मी दर्जे की मांग पर अनिश्चितकालीन हड़ताल

भागलपुर :
समान काम के बदले समान वेतन और राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर डायल-112 के चालक शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल की शुरुआत भागलपुर कमांड एंड कंट्रोल रूम कार्यालय के बाहर हुई, जहाँ बड़ी संख्या में चालक एकजुट होकर जमकर नारेबाजी करते रहे।
हड़ताली चालकों का कहना है कि डायल-112 सेवा में कार्यरत अधिकांश चालक पूर्व सैनिक हैं, जो लगातार आपातकालीन सेवा में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो राज्यकर्मी का दर्जा दिया गया है और न ही उनके मेहनत के अनुरूप वेतन। चालकों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा उन्हें केवल ठेका कर्मी मानकर नज़रअंदाज किया जा रहा है।
सुबोध पांडेय, जिला अध्यक्ष, ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं करती। वहीं अभिनंदन यादव, सचिन 112 भागलपुर, ने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो हड़ताल को और तेज किया जाएगा।
इधर, चालकों की इस अनिश्चितकालीन हड़ताल से आपातकालीन सेवा डायल-112 के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। आम जनता को मिलने वाली तत्काल मदद में बाधा आ सकती है।
