डीएम और एसपी ने किया स्ट्रॉन्ग रूम का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त

विधानसभा चुनाव-2025 के तहत अररिया जिले में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के बाद सभी EVM और VVPAT मशीनों को बाजार समिति परिसर स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित रखा गया है। मतदान के उपरांत निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अररिया तथा पुलिस अधीक्षक अररिया ने आज स्ट्रॉन्ग रूम परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा बलों से संवाद करते हुए CCTV निगरानी प्रणाली, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था, तथा अभिलेखीय जांच प्रणाली की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और पूरे परिसर में 24×7 निगरानी व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं मतदाता के विश्वास को बनाए रखने के लिए EVM की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पहली परत में सशस्त्र पुलिस बल, दूसरी परत में CAPF के जवान तथा तीसरी परत में स्थानीय पुलिस को तैनात किया गया है। साथ ही, CCTV कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि की लाइव मॉनिटरिंग नियंत्रण कक्ष में की जा रही है, जहाँ से निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थी या उनके प्रतिनिधि भी निगरानी कर सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में साफ-सफाई, बिजली की निर्बाध आपूर्ति, और प्रवेश पंजी का उचित संधारण सुनिश्चित किया गया है।

जिलाधिकारी अररिया ने कहा,

“सुरक्षा और पारदर्शिता हमारी प्राथमिकता है। स्ट्रॉन्ग रूम की 24 घंटे निगरानी से मतगणना तक की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित रहेगी।”

पुलिस अधीक्षक अररिया ने कहा,

“सभी सुरक्षा बलों को चौकसी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।”

#BiharElection2025 | #Araria | #BiharPolice | #IPRD_Bihar | #ElectionCommissionOfIndia | #VotersHelpline1950 | #Hindustan | #SimanchalNews

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *