डीएम ने जनता दरबार में सुनी फरियाद, कई मामलों का किया ऑन-द-स्पॉट निपटारा

जमुई | संवाददाता

जिलाधिकारी नवीन कुमार (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया, जबकि कुछ मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जमीन से जुड़े विवाद, दाखिल-खारिज, भूमि बंटवारा, दखल-कब्जा, खतियान, जमाबंदी, बासगीत पर्चा, रास्ता अवरुद्ध, पक्की नली-गली, बिजली चोरी, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, अनुग्रह भुगतान, आवास योजना, आंगनबाड़ी सेवाएं और नियुक्ति समेत विभिन्न प्रकार की शिकायतों की सुनवाई की गई।

डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे, इसमें किसी भी तरह की शिथिलता और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी भानु प्रकाश ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जनता दरबार आयोजित कर लोगों की फरियादें सुनी जाती हैं। जिलाधिकारी ने आमजनों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और विकास की प्रक्रिया में भागीदार बनें।

इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता रविकांत सिंह, उप विकास आयुक्त सुभाषचंद्र मंडल, स्थापना उपसमाहर्ता नागमणि वर्मा, समाज कल्याण विभाग की सहायक निदेशक काजल मोदी सहित कई विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *