तारापुर में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भव्य स्वागत
रोड शो निकाल मतदाताओं का जताया आभार, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

मुंगेर/तारापुर। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर तारापुर विधानसभा पहुंचे। चुनाव जीतने के बाद यह उनका पहला आगमन रहा। संग्रामपुर में बने अस्थायी हेलिपैड पर जैसे ही उनका हेलिकॉप्टर उतरा, हजारों समर्थकों ने “सम्राट चौधरी ज़िंदाबाद” के नारों से उनका जोरदार स्वागत किया। मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम देखे गए।

हेलिपैड से निकलते ही सम्राट चौधरी ने रोड शो की शुरुआत की और पूरे विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं का अभिवादन करते हुए उनका धन्यवाद किया। पूरे मार्ग में समर्थक हाथों में झंडे लिए उत्साहपूर्वक स्वागत करते दिखे।

मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा —

“यह सरकार बिहार के विकास के लिए बनी है। अब सभी को मिलकर विकास की दिशा में काम करना है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता कानून व्यवस्था मजबूत कर आर्थिक व सामाजिक प्रगति को गति देना है। कार्यक्रमों के उपरांत वे अपने पैतृक आवास में रात्रि विश्राम करेंगे तथा शनिवार को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर पटना लौट जाएंगे।

‘गेम चेंजर’ सकलदेव बिंद ने जताई खुशी
कहा – योगी मॉडल लागू, अपराधियों की उलटी गिनती शुरू

तारापुर की राजनीति में प्रभावशाली माने जाने वाले सकलदेव बिंद भी उपमुख्यमंत्री के आगमन पर उत्साहित दिखाई दिए। कुछ समय पहले उन्होंने महागठबंधन छोड़ भाजपा का दामन थामा था। उन्होंने कहा —

“गृह विभाग संभालने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार तारापुर आए हैं, उनका हार्दिक स्वागत है। हम बिहार के विकास के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं।”

मीडिया द्वारा पूछे जाने पर कि सम्राट चौधरी ने उन्हें सदन तक पहुंचाने का वादा किया था, इस पर बिंद ने कहा कि वे पार्टी के फैसले का सम्मान करेंगे।

उन्होंने आगे दावा किया —

“बिहार में योगी मॉडल लागू हो चुका है। 2025 बिहार के लिए सबसे बेहतरीन साल साबित होगा। अपराधियों को अब अपना ठिकाना तलाशना होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *