तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत,मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

भागलपुर।
भागलपुर जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अंगारी मोड़ के पास का है, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान भवानीपुर निवासी 41 वर्षीय प्रमोद तांती के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार प्रमोद तांती रोज की तरह मजदूरी कर काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंगारी मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रमोद तांती सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल प्रमोद तांती को परिजन तत्काल मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों ने बताया कि प्रमोद तांती परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का करुण क्रंदन देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंगारी मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहनों का आना-जाना लगातार बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। सड़क पर स्पीड कंट्रोल या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार मोटरसाइकिल सवार की तलाश की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *