दीननगर पुरैनी में विद्यालय शिक्षा समिति सदस्यों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न,विद्यालय विकास और समाज से समन्वय मजबूत करने पर दिया गया विशेष जोर

पुरैनी (भागलपुर)। संकुल संसाधन केंद्र उच्च माध्यमिक विद्यालय दीननगर पुरैनी उत्तरी में विद्यालय शिक्षा समिति (VSS) के सदस्यों के लिए आयोजित तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के समग्र विकास में विद्यालय शिक्षा समिति की भूमिका को सशक्त बनाना तथा समाज और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
प्रशिक्षण में संकुल अंतर्गत मध्य विद्यालय दीननगर, उर्दू मध्य विद्यालय मोमिन टोला, प्राथमिक विद्यालय मंडल टोला पुरैनी, प्राथमिक विद्यालय किला तथा प्राथमिक विद्यालय पुरैनी एस.सी. टोला के प्रधानाध्यापक, समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं तीन-तीन सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को यह जानकारी दी गई कि किस प्रकार विद्यालय शिक्षा समिति विद्यालय की उन्नति, छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता, नामांकन वृद्धि, नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, मध्याह्न भोजन, छात्रवृत्ति, पुस्तक वितरण सहित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साथ ही यह भी बताया गया कि विद्यालय विकास योजना (School Development Plan) के निर्माण में समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, जिससे विद्यालय और समुदाय के बीच सहयोग की भावना मजबूत हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में समन्वयक के रूप में डॉ. राज किशोर ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक अंजुम एकबाल, श्वेता कुमारी, सदानंद कुमार, अविनाश कुमार, कमरून निशा, बीबी शहजादी, अमरून निशा, पिंकी सहित अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रशिक्षक मोनब्बर रहमान एवं आरजु हाशमी द्वारा किया गया, जिन्होंने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समिति सदस्यों को उनके दायित्वों से अवगत कराया।
प्रतिभागियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें विद्यालय प्रबंधन, योजनाओं की जानकारी तथा समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के तरीकों को समझने में काफी मदद मिली है। अंत में सभी प्रतिभागियों ने विद्यालय के विकास हेतु मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
