दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक संपन्न, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर : आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व को लेकर जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु गुरुवार को जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 18 अक्तूबर से धनतेरस, दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व का सिलसिला शुरू हो रहा है, साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है, इसलिए सभी पर्व-त्योहार इसी के अनुरूप मनाए जाएं।
उन्होंने कहा कि पूजा-पंडालों या विसर्जन जुलूस के दौरान आचार संहिता का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विगत वर्षों की तरह तीन दिनों तक शहर को पूर्णतः अवरुद्ध नहीं रखा जा सकता, इसलिए प्रतिमा विसर्जन का समय सीमित रखा जाए।
डॉ. चौधरी ने कहा कि 23 अक्तूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है, अतः निर्वाचन कार्यों को ध्यान में रखते हुए किसी भी आयोजन से यातायात व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने 11 नवंबर को अधिकाधिक मतदान करने और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने कहा कि बिना लाइसेंस कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा, और डीजे के उपयोग पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी पूजा समितियों से विधानसभा चुनाव को देखते हुए कम से कम समय में प्रतिमा विसर्जन कराने का अनुरोध किया।
बैठक में उपस्थित जिला शांति समिति एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी आवश्यकताओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी, सभी डीएसपी, संबंधित थाना अध्यक्ष और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
