दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा को लेकर बनी रणनीति

भागलपुर (जगदीशपुर)। संवाददाता
जगदीशपुर थाने में दुर्गा पूजा और मेले को लेकर शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अभय शंकर ने की। बैठक में दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बीरबल मंडल, भारतीय भूषण झा, मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम मंडल, रणबीर सिंह, अशोक सिंह, बबलू साह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आगामी दुर्गा पूजा और मेले को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। थाना प्रभारी ने कहा कि पूजा और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कठिनाई न हो, इसके लिए पुलिस और पूजा समिति संयुक्त रूप से व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
थाना प्रभारी अभय शंकर ने कहा कि पूजा के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त किया जाएगा। वहीं, दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देंगे।
