दो बच्चों का दत्तक ग्रहण प्रक्रिया पूरी, जिला पदाधिकारी ने सौंपी सुपुर्दगी

भागलपुर।
जिले में बाल कल्याण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शनिवार को दो बच्चों के दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई गई। जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने 13 वर्षीय कृष्णा कुमार और 5 वर्षीय अंश कुमार के मामले की सुनवाई करते हुए दत्तक माता-पिता को दोनों बच्चों की औपचारिक सुपुर्दगी की।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने दत्तक अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पालन-पोषण पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बच्चों का समुचित लालन-पालन केवल एक कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की गई है। यह सुनिश्चित किया गया कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में जीवनयापन करने का अवसर मिले।

डीएम डॉ. चौधरी ने कहा कि ऐसे मामलों से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है और अनाथ व परित्यक्त बच्चों को भी परिवार का स्नेह एवं भविष्य निर्माण का अवसर मिलता है।

दत्तक ग्रहण की इस कार्यवाही के दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *