नवगछिया स्थापना दिवस पर कई संस्थाएं सम्मानित, हुआ ‘बिहुला गौरव सम्मान’ समारोह

नवगछिया। मां बिहुला विषहरी की पावन धरती नवगछिया ने सोमवार को अपना 53वां स्थापना दिवस श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया। इस अवसर पर श्री शिव शक्ति योगपीठ परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कई प्रतिष्ठित सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक और जनसेवा से जुड़ी संस्थाओं को ‘बिहुला गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पीठाधीश्वर स्वामी आगमानंद जी महाराज के निर्देशन में किया गया। इस दौरान नवगछिया क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं के योगदान को सम्मानित कर उनकी सेवाओं को समाज के लिए अनुकरणीय बताया गया।
नवगछिया विकास समिति के सदस्य मुकेश राणा ने बताया कि सम्मान पाने वालों में शिवशक्ति योगपीठ नवगछिया, भागलपुर जिला प्रशासन, लायंस क्लब, क्लीन नवगछिया–ग्रीन नवगछिया अभियान, जय महादेव नि:शुल्क बोलबम सेवा शिविर ढोलबज्जा, मारवाड़ी युवा मंच, सामूहिक विवाह समिति तेतरी, गणिनाथ सेवा समिति, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कौशल सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, बाल भारती विद्यालय, सावित्री पब्लिक स्कूल, धर्मचंद्र शिशु संस्कार केंद्र, गरूड़ प्रजनन केंद्र कदवा, सनातन सेवा समिति नगरह, माँ बिहुला विषहरी समारोह समिति सहित कई संस्थाएँ शामिल रहीं।
इसके अलावा नगर परिषद के कर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय खेल संघों के सदस्यों को भी उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
स्वामी आगमानंद जी महाराज ने कहा कि यह आयोजन न केवल नवगछिया की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को सम्मानित करता है, बल्कि युवा पीढ़ी में सामाजिक नेतृत्व और सेवा भावना का संचार भी करता है।
समारोह में श्रीराम पाठक, सियाराम जायसवाल, अखिलेश पांडे, नंदनी सरकार, चंद्रगुप्त साह, श्रीधर महाराज, विनोद केजरीवाल, मनोज यशपाल, शरद योगी, विहान सिंह राजपूत, हितेश चंद्र, प्रशांत कन्हैया समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
