नववर्ष पर मानवता का संदेश: अभिनेत्री संचिता बसु ने जरूरतमंदों में बांटे कंबल व भोजन
भागलपुर।


नववर्ष 2026 के स्वागत में जहां एक ओर शहर के होटल, रेस्टोरेंट और विवाह भवनों में जश्न का माहौल दिखा, वहीं दूसरी ओर भागलपुर में मानवता और सेवा की एक मिसाल भी देखने को मिली। सोशल मीडिया सेंसेशन व फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु ने नववर्ष की रात अपने परिवार के साथ सड़क किनारे रात गुजारने वाले बेसहारा लोगों और रिक्शा चालकों के बीच कंबल व भोजन का वितरण कर नए साल का स्वागत किया।

31 दिसंबर की रात प्राची सेवा ट्रस्ट के बैनर तले आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के तहत तिलकामांझी, आदमपुर, घंटाघर, कोतवाली समेत शहर के विभिन्न इलाकों में दर्जनों जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई गई। ठंड से कांप रहे लोगों को कंबल देकर जहां उन्हें राहत दी गई, वहीं भोजन पाकर उनके चेहरे पर मुस्कान भी देखने को मिली।

इस अवसर पर अभिनेत्री संचिता बसु ने कहा कि नववर्ष केवल जश्न मनाने का ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को आगे आकर ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए, ताकि ठंड की इस रात कोई भूखा या असहाय न रहे।

 

“नया साल मनाने का असली आनंद तब है, जब हम किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान ला सकें। ठंड में सड़क पर रहने वाले लोग हमारी थोड़ी-सी मदद से राहत पा सकते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान संचिता बसु की मां वीणा देवी ने भी सेवा कार्य को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ इस तरह के कार्य में शामिल होना गर्व की बात है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

“ईश्वर ने हमें जो दिया है, उसमें से जरूरतमंदों को देना ही सच्ची सेवा है। नए साल की शुरुआत अगर सेवा से हो तो पूरा साल शुभ रहता है।”
इस सेवा अभियान में संचिता बसु के पिता सुलेन्द्र कुमार, भाई अश्वनी, चन्दन कुमार, जुली देवी, नीतू कुमारी और दीपक कुमार भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर जरूरतमंदों को कंबल व भोजन वितरित किया और उनका हालचाल जाना।

नववर्ष की इस पहल से यह संदेश गया कि जश्न केवल रोशनी और संगीत तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशियां पहुंचाना ही सच्चा उत्सव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *