नववर्ष 2026 पर ऊर्जा विभाग में शुभकामना समारोह, सचिव मनोज कुमार सिंह ने कर्मचारियों से की आत्मीय मुलाकात

भागलपुर/पटना।
नववर्ष 2026 के शुभ अवसर पर ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह, आईएएस ने विभागीय पदाधिकारियों एवं समस्त कर्मचारियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त लेकिन गरिमामय कार्यक्रम के दौरान श्री सिंह ने ऊर्जा विभाग एवं BSPHCL से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष में विभाग ने टीमवर्क, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इसी विश्वास और सहयोग के साथ वर्ष 2026 में भी बेहतर सेवा, पारदर्शिता और कार्यकुशलता के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
श्री सिंह ने कर्मचारियों से संवाद करते हुए आने वाले वर्ष में उपभोक्ता हितों को सर्वोपरि रखते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र राज्य के विकास की रीढ़ है और इसमें कार्यरत प्रत्येक कर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी के सामूहिक प्रयास से ही बिहार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सकता है।
नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने कामना की कि वर्ष 2026 सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और सफलता लेकर आए। कार्यक्रम का वातावरण सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा, जहां नववर्ष को लेकर सकारात्मक संकल्प और नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
