“नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता, 33 किलो से अधिक गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार

सारण।
“नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत सारण पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 33 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिविलगंज थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में जय प्रकाश उर्फ पप्पू के ठिकाने से 6 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं, एक महिला अभियुक्त के ठिकाने से 22 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया गया। दोनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में रिविलगंज थाना में कांड संख्या 10/26 दर्ज किया गया है।
इसी क्रम में भेल्दी थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के पचरुखी ग्राम में कार्रवाई करते हुए विरेश सिंह को उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की से 4 किलो 70 ग्राम गांजा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस मामले में भेल्दी थाना में कांड संख्या 08/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद गांजा की अंतरजिला व अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका को देखते हुए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर आगे भी छापेमारी की जाएगी।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
