नालंदा : डीएम कुंदन कुमार ने की समीक्षा बैठक, चुनाव व पर्व को लेकर दिए निर्देश

नालंदा | जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के साथ-साथ दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे पर्वों को लेकर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई।
डीएम ने सभी एसडीओ, बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों, अर्धसैनिक बलों के आवास, चेकपोस्ट और डिस्पैच सेंटर की तैयारियां हर हाल में समय से पूरी हों। साथ ही पर्व-त्योहारों में साफ-सफाई, रोशनी, ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान की प्रगति की समीक्षा हुई। बताया गया कि जिले में आयोजित 1575 शिविरों में 1,04,075 परिवार शामिल हुए, जिनमें 96.64 प्रतिशत आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। डीएम ने राशन कार्ड निर्माण से जुड़े 6936 लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का आदेश दिया। साथ ही सीपीग्राम, मुख्यमंत्री जनता दरबार, सीएम डैशबोर्ड और लोक शिकायत पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने लंबित न्यायालयीन वादों के निष्पादन, मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के तहत घोषणाओं के अनुपालन, महिला रोजगार योजना में लंबित आवेदनों के अपलोड और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फोर लेन के किनारे वे-साइड एमेनिटीज हेतु जमीन चिन्हित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारी और विभागीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
