निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में मनाया गया ‘सतर्कता अभिचेतना सप्ताह’

रिपोर्ट — अमित कुमार, पटना/बिहार
पटना। आज दिनांक 30 अक्तूबर 2025 को “सतर्कता अभिचेतना सप्ताह” के अवसर पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के प्रांगण में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ पूर्वाह्न 11 बजे हुआ, जिसमें ब्यूरो के सभी पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महानिदेशक श्री जितेन्द्र सिंह गंगवार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने, कानून के नियमों का सम्मान करने तथा रिश्वत न लेने और न देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त बिहार के निर्माण में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शपथ ग्रहण समारोह में पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्रीमती गरिमा मल्लिक, उप-महानिरीक्षक (DIG) श्री नवीन चन्द्र झा, उप-महानिरीक्षक श्री मृत्युंजय कुमार चौधरी सहित ब्यूरो में पदस्थापित सभी पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान “Zero Tolerance Against Corruption” तथा “भ्रष्टाचार मुक्त बिहार” के संकल्प को दोहराया गया।
निगरानी ब्यूरो द्वारा आगामी दिनों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, निबंध प्रतियोगिताओं और संवाद सत्रों के माध्यम से आम जनता को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने का संदेश दिया जाएगा।
