निर्वाचन तैयारियों को लेकर डीएम अमन समीर ने किया विभिन्न कोषांगों का निरीक्षण

छपरा (सारण), 20 अक्टूबर।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री अमन समीर ने सोमवार को विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी को लेकर जिले के विभिन्न कोषांगों के कार्यस्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोषांगों की कार्यप्रणाली, समन्वय एवं व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित नोडल पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित मतदाता हेल्पलाइन 1950 का अवलोकन किया तथा कॉल रिस्पॉन्स, शिकायत निवारण और मतदाता सुविधा से जुड़े कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं की शिकायतों एवं सुझावों का शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी मतदाता को असुविधा न हो।
इसके पश्चात डीएम ने अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग, सिंगल विंडो कोषांग, सी-विजिल ऐप मॉनिटरिंग सेल, एमसीएमसी/मीडिया कोषांग, पोस्टल बैलेट पेपर कोषांग तथा वज्रगृह कोषांग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कोषांगों में अभिलेखों के अद्यतन संधारण, तकनीकी उपकरणों के सुचारू संचालन तथा कर्मियों की उपस्थिति की जांच की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कोषांगों का कार्य निष्पादन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। उन्होंने नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता और समन्वय में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता (विधि-व्यवस्था), उपनिर्वाचन पदाधिकारी, तथा विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव का सफल संचालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने का वातावरण उपलब्ध कराएं।
#BiharVidhansabhaElection2025
#CellInspection #DM #Saran #Chapra
Chief Electoral Officer, Bihar | Election Commission of India
