पटना के गांधी मैदान में जीविका की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, महिला सशक्तीकरण का दिया सशक्त संदेश

पटना
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में जीविका (ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार) द्वारा प्रस्तुत की गई भव्य एवं आकर्षक झांकी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। यह झांकी समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं आम दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

झांकी का निर्माण मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की तर्ज पर किया गया था, जिसमें महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण की प्रेरणादायक झलक प्रस्तुत की गई। झांकी में यह दर्शाया गया कि किस प्रकार जीविका से जुड़ी महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

झांकी के माध्यम से जीविका दीदियों की मेहनत, कौशल, आत्मविश्वास और सामूहिक शक्ति को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न मॉडल, प्रतीकात्मक दृश्य और रचनात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को महिला सशक्तीकरण के महत्व से जोड़ने का सफल प्रयास किया।

समारोह में मौजूद लोगों ने झांकी की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे बिहार में महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सशक्त संदेश बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *