पटना सिटी में जल्द मिलेगा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा का तोहफ़ा, सीएम नीतीश कुमार ने मॉडल अस्पताल भवन का किया निरीक्षण

पटना।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मॉडल अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह 100 बेड का पाँच मंजिला आधुनिक अस्पताल होगा, जिसमें मरीजों के इलाज के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही और अस्पताल की छत पर सोलर पैनल लगाने का भी निर्देश दिया।

सीएम नीतीश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर अस्पताल को जल्द से जल्द फंक्शनल बनाया जाए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अस्पताल के शुरू हो जाने से पटना सिटी और आसपास के इलाकों की जनता को बेहतर इलाज की सुविधा नज़दीक ही उपलब्ध होगी और मरीजों को दूर-दराज़ जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस मॉडल अस्पताल के बन जाने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में आमूल-चूल सुधार होगा और गंभीर बीमारियों का उपचार भी और अधिक प्रभावी ढंग से संभव हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि और स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *