पारु, साहेबगंज और बरूराज विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारी का जायजा

डीएम-एसएसपी ने किया क्षेत्रभ्रमण, अधिकारियों को सख्त निर्देश

मुजफ्फरपुर। संवाददाता

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने पारु, साहेबगंज एवं बरूराज विधानसभा क्षेत्रों का क्षेत्रभ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड सभागार पारु एवं मोतीपुर में आयोजित समीक्षा बैठकों में सभी सेक्टर पदाधिकारी, थानाध्यक्षों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ तैयारी की विस्तृत समीक्षा की।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।


समीक्षा में प्रमुख बिंदु

बैठक में जिलाधिकारी ने भेद्यता मानचित्रण, एरिया डोमिनेशन, विश्वास बहाली, 100 प्रतिशत मतदान केंद्रों एवं CAPF आवासन पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, EVM/VVPAT की सुरक्षा, शस्त्र सत्यापन, अवैध शस्त्रों की जब्ती, नॉन-बेलेबल वारंट की स्थिति और आदतन अपराधियों की थानावार स्थिति की समीक्षा की।

  • पारु विधानसभा क्षेत्र (97): 388 मतदान केंद्र, 48 सेक्टर पदाधिकारी। अब तक 360 शस्त्रों का सत्यापन, 7 शेष। 526 व्यक्तियों को BNSS की धारा 126/129/135 के तहत बांड डाउन कराया गया।
  • साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र: 388 मतदान केंद्र, 48 सेक्टर पदाधिकारी। 214 शस्त्रों का सत्यापन, 5 शेष। 924 व्यक्तियों को बांड डाउन कराया गया। यहां 8 चेकपोस्ट बनाए जाएंगे।
  • बरूराज विधानसभा क्षेत्र (96): 357 मतदान केंद्र, 39 सेक्टर पदाधिकारी। 279 शस्त्रों का सत्यापन, 10 शेष। 336 भेद्य मतदाताओं की पहचान।

डीएम ने शेष शस्त्रों का अविलंब सत्यापन सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *