पीएमKSY (जलछाजन विकास 2.0) के तहत अरवल से किसानों व जीविका समूहों का सोनपुर मेले का परिभ्रमण

नई कृषि तकनीक, पशुपालन व ग्रामीण उद्यम के मॉडल से हुए रूबरू

अरवल। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (जलछाजन विकास 2.0) के तहत अरवल जिले के प्रगतिशील किसानों, जीविका महिला समूहों और जलछाजन सचिवों को सोमवार को सोनपुर मेले का एक दिवसीय परिभ्रमण कराया गया। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक कृषि तकनीक, पशुपालन, ग्रामीण उद्यमिता और कृषि-आधारित बाजार प्रणाली की नवीनतम जानकारियों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम का आयोजन बिहार कृषि प्रबंधन एवं प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (BAMETI) के समन्वय से किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि परिभ्रमण के दौरान किसानों ने उन्नत नस्ल के पशु, आधुनिक डेयरी मॉडल, जैविक खेती, स्मार्ट सिंचाई प्रणाली, कृषि मशीनरी, प्रोसेसिंग यूनिट और ग्रामीण उद्योगों के कई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। इससे उन्हें खेत और व्यवसाय दोनों स्तरों पर नवाचार अपनाने की प्रेरणा मिली।

प्रतिभागियों ने बताया कि सोनपुर मेले में लगाए गए तकनीकी स्टॉल, प्रशिक्षण सत्र और विशेषज्ञों की उपयोगी सलाह से उन्हें कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में नई समझ मिली। किसान नेताओं ने ऐसे परिभ्रमण को अत्यंत लाभदायक बताते हुए इसे ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में सहायक बताया।

इस अवसर पर कृषि मंत्रालय, भारत सरकार तथा बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा भी विभिन्न योजनाओं और तकनीकी नवाचारों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *