पीरपैंती थाना का एसएसपी ने किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश

भागलपुर।
आज वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा पीरपैंती थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना में लंबित एवं निष्पादित कांडों की गहन समीक्षा की और विभिन्न मामलों में चल रहे अनुसंधान की प्रगति का जायजा लिया।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में अनुसंधान की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित एवं सघन गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से ड्रग्स के अवैध कारोबार, अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी, अवैध खनन तथा अवैध परिवहन के विरुद्ध कड़ी निगरानी रखने और ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन अवैध गतिविधियों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही एसएसपी ने थाना कर्मियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पीरपैंती थाना के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
