पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि
पुलिस अधीक्षक शेखपुरा ने किया नमन, शहीदों के परिजनों का बढ़ाया सम्मान

शेखपुरा। पुलिस संस्मरण दिवस 2025 के अवसर पर पुलिस केंद्र, शेखपुरा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शेखपुरा ने कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा के आरंभ में शहीद पुलिसकर्मियों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी हमारी प्रेरणा हैं, जिन्होंने राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।

कार्यक्रम में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भी शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सत्यनिष्ठा और समर्पण भाव से करेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर कहा कि बिहार पुलिस सदैव जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि पुलिस संस्मरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि वर्दी सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और बलिदान का प्रतीक है।

कार्यक्रम में शेखपुरा पुलिस के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मी, जवान तथा आम नागरिक उपस्थित थे।

#SheikhpuraPolice
#HaiTaiyaarHum
#Bihar
#BiharPolice

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *