पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों का जागरूकता अभियान

जगदीशपुर (भागलपुर)। चांदन नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज़ हो गया है। शनिवार को चांदन नदी पुल निर्माण संघर्ष समिति की ओर से अध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ विधायक पुत्र आशीष मंडल और राकेश कुमार नेपाली भी शामिल हुए। रैली के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को इस आंदोलन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके बाद ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पहुँचे और बीडीओ रघुनंदन आनंद से मुलाक़ात की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव से पहले पुल निर्माण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे मतदान का बहिष्कार करने को विवश होंगे।
बीडीओ रघुनंदन आनंद ने ग्रामीणों की मांग को जायज़ मानते हुए कहा कि पुल निर्माण का प्रस्ताव जिले के वरीय अधिकारियों तक पहुँचा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान ग्रामीणों को 20 किलोमीटर अतिरिक्त सफ़र तय करना पड़ता है, ऐसे में पुल का निर्माण आवश्यक है।
संघर्ष समिति के सचिव चैतन्य कुशवाहा ने जानकारी दी कि उपयोगिता प्रमाण पत्र पटना भेजा जा चुका है और एक सप्ताह में प्राक्कलन एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
