पूर्णिया में मतदाता जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन, डीएम ने कहा – 11 नवंबर को सबसे पहले करें मतदान

पूर्णिया | संवाददाता
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के मद्देनज़र मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में जिला स्वीप कोषांग पूर्णिया द्वारा एक भव्य मतदाता जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 7 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज, पूर्णिया परिसर से आरंभ हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट का महत्व है और जिले में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की —
“11 नवंबर की तिथि याद रखें, उस दिन सभी कार्य छोड़कर सबसे पहले मतदान करें। जैसे हम दीपावली और छठ को पूरे उत्साह से मनाते हैं, उसी भाव से मतदान के इस लोकतांत्रिक पर्व में भी भाग लें।”
जिलाधिकारी ने पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में सेल्फी प्वाइंट का शुभारंभ कर उपस्थित लोगों को लोकतंत्र के इस उत्सव में शामिल होने की प्रेरणा दी। तत्पश्चात उन्होंने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया।
निर्धारित मार्ग के अनुसार वॉकथॉन पॉलिटेक्निक कॉलेज से शुरू होकर आर.एन. साह चौक, गिरजा चौक होते हुए इंदिरा गांधी स्टेडियम तक पहुँचा, जहाँ इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता सिलिंग श्री रामेश्वर राम, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन विभाग, डीआरडीए निदेशक, श्रम अधीक्षक, नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, डीपीएम स्वास्थ्य एवं जीविका, सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वॉकथॉन में महिला पर्यवेक्षिका, सेविका, जीविका दीदी, स्काउट एंड गाइड के बच्चे और पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया। स्काउट एंड गाइड के बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर “वोट है हमारा अनमोल, हम न लेंगे मोल” और “एक कदम बढ़ाएंगे, वोट देकर आएंगे” जैसे नारों से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर नोडल पदाधिकारी, स्वीप कोषांग ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मतदान के महत्व और लोकतंत्र की मजबूती में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
वॉकथॉन के माध्यम से पूरे जिले में यह संदेश सफलतापूर्वक प्रसारित किया गया कि —
“11 नवंबर को सबसे पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।”
यह आयोजन पूर्णिया जिला प्रशासन के ‘सशक्त लोकतंत्र, सशक्त पूर्णिया’ के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहा।
Election Commission of India
Chief Electoral Officer, Bihar
#SVEEP #कोई_योग्य_मतदाता_छूटे_ना #पूर्णिया_का_संकल्प_शतप्रतिशत_मतदान #सशक्त_लोकतंत्र_सशक्त_पूर्णिया
