पेट्रोल पंप पर फर्जी पेमेंट कर रहा था युवक, साइबर थाना बांका ने किया गिरफ्तार

बौंसी (बांका), ऋसव कुमार
बौंसी थाना क्षेत्र के श्याम बाजार स्थित रूद्रांश पेट्रोल मार्ट पर गुरुवार को फर्जी तरीके से पेमेंट करने के मामले का उद्भेदन साइबर थाना बांका ने कर लिया। इस मामले में तुरकाकोल गांव निवासी दुर्गेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पंप मैनेजर ओम प्रकाश ने बताया कि दुर्गेश ने 260 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद फोन पे एप के जरिए भुगतान का दावा किया। मोबाइल पर पेमेंट सफल होने का संदेश दिखा, लेकिन यूको बैंक मर्चेंट ऐप में राशि की पुष्टि नहीं हुई।

शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने मामले की जांच साइबर थाना को सौंपी। जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्त के मोबाइल में फोन पे एप का फाइल वर्जन 1.1 इंस्टॉल था और उसमें कई फर्जी पेमेंट के स्क्रीनशॉट सेव मिले। बैंक स्टेटमेंट की जांच से यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी पिछले तीन वर्षों से इसी तरीके से धोखाधड़ी कर रहा था।

साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष अनुपेश नारायण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी के पास से एक सैमसंग मोबाइल फोन व फर्जी पेमेंट के स्क्रीनशॉट की छायाप्रति जब्त की गई है। इस मामले में आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी सह पुलिस उपाधीक्षक अनुपेश नारायण के अलावा पु.नि. ओम प्रकाश, पु.नि. संदीप कुमार आनंद, तकनीकी टीम के सदस्य प्रशांत कुमार, विजय कुमार, जितेंद्र कुमार और नूर आलम शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *