प्राथमिक विद्यालय गोहारियो में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ व नाटक के माध्यम से जागरूकता

गोहारियो, गुरुवार
प्रखंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय गोहारियो में गुरुवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण के साथ हुई, जिसमें विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राओं और ईको क्लब के सदस्यों ने बाल विवाह को जड़ से समाप्त करने की प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम में आयोजित लघु नाटिका ने विशेष आकर्षण बटोरा। इस नाटिका के माध्यम से बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधान, बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, दंडात्मक प्रावधान और इसके दुष्परिणामों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने अभिनय के जरिए यह संदेश दिया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे बच्चों का भविष्य, स्वास्थ्य और शिक्षा भी गंभीर रूप से प्रभावित होती है।
प्रधान शिक्षक श्रवण रजक ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह भारतीय समाज में आज भी भयावह रूप में मौजूद एक सामाजिक बुराई है, जिसे केवल शिक्षा और सामूहिक प्रयास से ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि बाल विवाह कराने या इसमें शामिल होने पर कानून के तहत सख्त सजा का प्रावधान है। साथ ही उपस्थित बच्चों को समझाते हुए कहा कि 18 वर्ष से पहले विवाह करने से कई प्रकार की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, साथ ही अकाल मृत्यु की आशंका भी बनी रहती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और समाज को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा इसे रोकने के लिए सामूहिक चेतना का विकास करना रहा।
इस अवसर पर शिक्षक मो. इमरोज़ उद्दीन, मो. इमतियाज, ईको क्लब के सदस्य राबिया, सौरभ, महताब, आयुष, जिशान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाल विवाह के उन्मूलन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
