बच्चों ने सीखा सड़क सुरक्षा और रेल दुर्घटना से बचाव के तरीके

भागलपुर (संवाददाता) :
प्रखंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय गोहारियो में शनिवार को मुख्यमंत्री सुरक्षित शनिवार एवं बैगलेस डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं रेल दुर्घटना से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
शिक्षक मो. इमरोज़ उद्दीन ने बच्चों को सड़क पार करने के दौरान अपनाए जाने वाले नियमों की जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि सड़क पर हमेशा बाईं ओर चलना चाहिए, मोबाईल फोन पर बात करते हुए सड़क पार करना खतरनाक है, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करना चाहिए तथा यातायात संकेतों को पहचानकर ही सड़क पार करनी चाहिए। इसके साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर सावधानियां बरतने के उपाय भी विस्तार से बताए गए।
इस अवसर पर प्रधान शिक्षक श्रवण रजक ने कहा कि जानकारी के अभाव में प्रत्येक वर्ष हजारों लोग सड़क और रेल दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। इस प्रकार की जागरूकता से न केवल बच्चे सुरक्षित रहेंगे बल्कि समाज में भी दुर्घटना बचाव की समझ विकसित होगी।
कार्यक्रम से पहले बैगलेस डे के अंतर्गत “मैं हूं शिक्षक” विषय पर आधारित गतिविधि का प्रस्तुतीकरण छात्रों ने किया। साथ ही निपुण लीडरों के साथ बैठक भी आयोजित हुई।
ईको क्लब और बाल संसद ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। मौके पर प्रतिनियुक्त शिक्षक मो. सुल्तान अंसारी, दरखशां हयात, मो. इमतियाज सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
