बनियापुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, लंबित भूमि मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

सारण।
जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को दिनांक 06 जनवरी 2026 को बनियापुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण तथा आम जनता से जुड़े कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय को पूर्ण रूप से साफ-सुथरा रखने तथा सभी संचिकाओं व अभिलेखों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित ढंग से संधारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी पंचायत सरकार भवनों में बायोमेट्रिक सिस्टम स्थापित कर पंचायत स्तरीय सभी कर्मियों की प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज कराने तथा उसी के आधार पर मासिक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। इससे कार्य संस्कृति में सुधार और जवाबदेही बढ़ेगी।
अंचल कार्यालय से संबंधित दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं भूमि मापी से जुड़े सभी लंबित आवेदनों को एक माह के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादित करने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही प्रखंड कार्यालय परिसर में एक कक्ष चिह्नित कर VLE (कॉमन सर्विस सेंटर संचालक) को बैठाने तथा संबंधित सेवाओं के सभी आवेदन कार्यालय परिसर में ही प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि भूमि से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क को बड़े बैनर के माध्यम से स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अवैध वसूली पर रोक लगे।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने बनियापुर प्रखंड सभागार में सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने बारी-बारी से जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी ली। प्राप्त समस्याओं के तत्काल समाधान हेतु लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं का पूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपस्थित आमजनों की शिकायतों को भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
