बरारी में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, चार बच्चे डूबे — दो की मौत, दो को बचाया गया

भागलपुर | संवाददाता

भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र के कुप्पाघाट गंगा घाट पर सोमवार को स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे दो की मौत हो गई जबकि दो को स्थानीय लोगों और बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पाकर एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कुमार नीलू, सिपाही आशीष कुमार, आपदा मित्र अमित कुमार, संनी मालदार, अमरजीत कुमार और गौरव कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बचाव दल ने नासा और सकीना नामक दो बच्चों को जीवित बाहर निकालने में सफलता पाई। दोनों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं गुलाबो और शशि को निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों बच्चे एक साथ गंगा स्नान करने आए थे। नहाते समय वे धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दो बच्चों को नहीं बचाया जा सका।

घटना के बाद इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

डीएम और एसएसपी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा है कि गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *