बांका में पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण,डीएम नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति की बैठक


बांका।
आज जिला पदाधिकारी सह जिलाधिकारी बांका श्री नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति द्वारा बांका जिले में संचालित पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण का उद्देश्य संस्थानों में रह रहे बच्चों की सुरक्षा, देखभाल, शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संस्थानों में उपलब्ध आवासीय व्यवस्था, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों के हित से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के निरीक्षण के क्रम में दत्तक ग्रहण प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण, बच्चों की देखरेख एवं कानूनी प्रावधानों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी प्रक्रियाएं पूर्णतः पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संचालित हों।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाल संरक्षण और बाल कल्याण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों को सुरक्षित, संवेदनशील और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निरीक्षण समिति के सदस्यों से नियमित निरीक्षण एवं फॉलो-अप करने को भी कहा।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े पदाधिकारी, जिला निरीक्षण समिति के सदस्य तथा संबंधित संस्थानों के प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *