बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, प्रभारी मंत्री ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
94 राहत बचाव दल, 227 गोताखोर, 171 राहत शिविर और 166 सामुदायिक रसोई की तैयारी पूरी

रिपोर्ट – श्यामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर, आगामी बाढ़ संकट की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन समीक्षा भवन सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्रम संसाधन विभाग के माननीय मंत्री एवं भागलपुर जिला के प्रभारी मंत्री श्री संतोष कुमार सिंह ने की।

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

बैठक की शुरुआत माननीय मंत्री द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई। इस अवसर पर गोपालपुर विधायक श्री नरेन्द्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल, विधान पार्षद डॉ. एन.के. यादव, जिला परिषद अध्यक्ष श्री मिथुन यादव, भागलपुर की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, तथा उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलन में सहभागिता निभाई।

विभागवार तैयारी की दी गई जानकारी

बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से बाढ़ से पूर्व की गई तैयारियों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सभी अंचलों में वर्षा मापक यंत्र कार्यरत हैं और प्रतिदिन का डेटा संकलन किया जा रहा है। राहत कार्यों हेतु नाव, खाद्य सामग्री, टेंट एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की दरें तय कर ली गई हैं।

विशेष परिस्थिति के लिए 21,200 पॉलीथिन सीटों की आपूर्ति का आदेश जारी कर दिया गया है। गंगा और कोसी नदी के जलस्तर की सतत निगरानी हो रही है। एसडीआरएफ की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। 94 राहत बचाव दल एवं 227 प्रशिक्षित गोताखोर जिला प्रशासन के पास उपलब्ध हैं।

राहत केंद्रों की विस्तृत योजना

बाढ़ संभावित क्षेत्रों में 171 राहत शिविर, 166 सामुदायिक रसोई, तथा 501 आपदा मित्रों को सक्रिय रूप से तैनात किया गया है। नवगछिया के बिंद टोली स्पर संख्या 7 और 8 के बीच क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत अंतिम चरण में है।

चिकित्सा और पशुपालन व्यवस्था

बैठक में बताया गया कि बाढ़ के बाद बीमारियों के फैलने की आशंका को ध्यान में रखते हुए 62 प्रकार की मानव औषधियाँ पहले से उपलब्ध करा दी गई हैं। साथ ही पशुओं के लिए दवा, चारा एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।

माननीय मंत्री ने स्वास्थ्य और सामुदायिक रसोई की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बाढ़ के बाद संक्रमण का खतरा रहता है, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाए और सामुदायिक किचन की संख्या बढ़ाई जाए।

संपूर्ति पोर्टल अपडेट, GR राशि शीघ्र भेजने की तैयारी

उप विकास आयुक्त ने बताया कि संपूर्ति पोर्टल को अद्यतन कर लिया गया है, ताकि आपदा के दौरान पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता राशि उनके खातों में भेजी जा सके। पिछली बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुई कुल 125 सड़कों की मरम्मत भी पूर्ण हो चुकी है।

जनप्रतिनिधियों ने रखे सुझाव

विधायक गोपाल मंडल ने अपने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों को फोर लेन बनाने की मांग की। विधान पार्षद डॉ. एनके यादव ने बाढ़ के दौरान सर्पदंश की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जनजागरूकता अभियान चलाने और निजी अस्पतालों में भी एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

शुद्ध पेयजल और स्वच्छता पर बल

PHED विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि 40 लाख रुपये की स्वीकृति के तहत 107 चापाकल, 637 शौचालय, तथा पानी टैंकर की व्यवस्था की जा रही है। वर्तमान में PHED पूर्वी क्षेत्र के 21 और पश्चिमी क्षेत्र के 30 टैंकर चालू हैं।

मंत्री ने दिए सभी तैयारियाँ अंतिम रूप देने के निर्देश

प्रभारी मंत्री श्री संतोष कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित किसी भी व्यक्ति को कठिनाई न हो, इसके लिए सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रबंधन में कोई कोताही न बरती जाए।

सचिव की ऑनलाइन सहभागिता

श्रम संसाधन विभाग के सचिव सह भागलपुर के प्रभारी सचिव श्री दीपक आनंद ने बैठक में ऑनलाइन भाग लिया और सभी अधिकारियों को बाढ़ पूर्व तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा समय रहते प्रतिनियुक्ति आदेश जारी करने का निर्देश दिया।

ये रहे प्रमुख अधिकारी उपस्थित

इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा, नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार, नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था महेश्वर प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता आपदा कुंदन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *