बायपास थाना परिसर में ऑटो किराया निर्धारण को लेकर हुई बैठक

भागलपुर 17 दिसंबर 2025 को अपराह्न 2:00 बजे बायपास थाना परिसर में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ऑटो चालक संघ के लगभग 51 चालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ऑटो किराया को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति को समाप्त करना और आम यात्रियों को राहत देना था।
बैठक के दौरान विभिन्न मार्गों पर ऑटो किराया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पक्षों के विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से किराया दरें निर्धारित की गईं, जो निम्न प्रकार हैं—
बायपास थाना से रेलवे स्टेशन: ₹10
बायपास थाना से जीरो माइल चौक: ₹10
बायपास थाना से चमहल्ला चौक: ₹10
बायपास बस स्टैंड से जगदीशपुर: ₹10
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि निर्धारित किराया दरों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की मनमानी वसूली या यात्रियों से अधिक किराया लेने की शिकायत मिलने पर संबंधित चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला एवं पुलिस प्रशासन ने ऑटो चालकों से अपील की कि वे तय किराया सूची को अपने वाहनों पर प्रदर्शित करें और यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार रखें। वहीं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस निर्णय से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था अधिक सुचारू होगी।
बैठक के अंत में सभी ऑटो चालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे निर्धारित किराया का पालन करेंगे और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करेंगे।
