बाल दिवस पर जगदीशपुर में बच्चों ने बिखेरी चमक, स्वच्छता जागरूकता के साथ मनाया कार्यक्रम

जगदीशपुर, भागलपुर।
बाल दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर तथा मध्य विद्यालय, जगदीशपुर के प्रांगण में डेटॉल बनेगा स्वच्छ इंडिया – प्लान इंडिया स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रम के तहत आज एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं बच्चों द्वारा केक काटकर की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंज उठा। छात्राओं ने स्वच्छता गान, मनमोहक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी क्रम में बच्चों के बीच चित्रकला, निबंध लेखन एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने स्वच्छता विषय पर सुंदर एवं आकर्षक चित्र तथा प्रभावी लेखन प्रस्तुत किया। चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच डेटॉल साबुन का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष चंद्र मिश्र ने कहा कि हर वर्ष 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है, क्योंकि यह देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती होती है। पंडित नेहरू को बच्चों से अत्यधिक स्नेह था। बच्चों के प्रति उनके प्रेम, विश्वास और निकटता को देखते हुए उन्हें ‘चाचा नेहरू’ कहकर पुकारा जाता था। उन्होंने कहा कि नेहरू जी बच्चों में ही देश का वास्तविक भविष्य देखते थे, इसलिए उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।

 

कार्यक्रम में संस्था के लीड शंभू कुमार सिंह ने कहा कि चाचा नेहरू के मूल संदेश को हमें सदैव याद रखना चाहिए। उनका मानना था कि बच्चों को सुरक्षित, प्रेमपूर्ण और समान अवसरों वाला वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे प्रगति की राह पकड़ सकें और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

कार्यक्रम में विद्यालय समन्वयक चंद्रकांत भारती, राजीव रंजन, शिक्षक अभिनाश सरोज, वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, निर्भय कुमार, वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका फूल कुमारी, शारिका निगार, कर्मी राजकिशोर, वृंदा, सुशीला, रिंकू सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *