बिक्रम थाना का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश

पटना, 16 जनवरी।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना श्री भानूप्रताप सिंह द्वारा शुक्रवार को बिक्रम थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की संपूर्ण कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण एवं पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, CCTNS प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों तथा विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की विस्तार से जांच की। साथ ही अभिलेखों के संधारण की गुणवत्ता एवं कार्यालय व्यवस्था का भी सूक्ष्म अवलोकन किया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि अनुसंधान कार्य वैज्ञानिक पद्धति से किया जाए तथा प्रत्येक मामले का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित हो। उन्होंने पारदर्शिता बनाए रखने, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने तथा आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को सतर्कता, जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन करना अनिवार्य है। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच अभियान को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना के कार्यों की सराहना करते हुए आवश्यक सुधारों के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
