बिहारशरीफ : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 25 लाख महिलाओं को 2,500 करोड़ का लाभ, डीएम ने किया राशि हस्तांतरण

नालन्दा। आज दिनांक 03 अक्टूबर 2025 को माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के कर कमलों द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 25 लाख महिला लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2,500 करोड़ की राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टाउन हॉल, बिहारशरीफ में आयोजित किया गया।

इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार प्रारंभ करने हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का लाभ हर समुदाय और हर वर्ग की महिलाएं ले सकती हैं। प्रारंभिक राशि के रूप में ₹10 हजार प्रदान किया जाता है, और आगे के आकलन के बाद ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही महिलाओं को अपने पसंद के व्यवसाय हेतु प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

यह सामुदायिक सहकारिता आधारित योजना है। लाभुकों को पहले स्थानीय स्वयं सहायता समूह (SHG) से जोड़ा जाएगा, ताकि रोजगार के चयन और शुरूआत में उन्हें सहायता मिल सके। राज्य में सफलतापूर्वक कार्यरत 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1 करोड़ 40 लाख से अधिक जीविका दीदियों की संगठनात्मक व्यवस्था भी महिलाओं को मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगी।

योजना में प्रशिक्षण, उत्पादन में सहायता के साथ-साथ महिलाओं के उत्पादों की बिक्री हेतु गांव से शहर तक हाट-बाजार भी विकसित किए जाएंगे। इसका लक्ष्य महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। इससे राज्य और देश के आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।

नालन्दा जिले में इस योजना के तहत कुल 92,206 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 55,048 आवेदन स्वीकृत किए गए। लाभार्थियों को प्रति 10,000 रुपए की दर से ₹5,50,48,000 का राशि हस्तांतरण किया गया।

इस अवसर पर श्री कुंदन कुमार, जिला पदाधिकारी, नालन्दा, श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर, उप विकास आयुक्त, नालन्दा, जीविका परियोजना प्रबंधक सहित भारी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।

@IPRDBihar
@NitishKumar
#mukhyamantrimahilarojgaryojna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *