बूढ़ी गंडक तट पर विकास को मिलेगी नई दिशा, जिलाधिकारी ने किया निर्माणाधीन विद्युत शवदाह गृह व कसरैया धार क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण


जिलाधिकारी खगड़िया नवीन कुमार द्वारा आज जिला मुख्यालय खगड़िया में बूढ़ी गंडक नदी के तट पर निर्माणाधीन विद्युत शवदाह गृह एवं कसरैया धार क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी के साथ संयुक्त रूप से किया गया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन विद्युत शवदाह गृह स्थल का गहन जायजा लिया। उन्होंने वर्ष के सभी महीनों में जलजमाव की समस्या से स्थायी मुक्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना आमजन की सुविधा एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी अघोरी स्थान तक पैदल निरीक्षण करते हुए बूढ़ी गंडक नदी किनारे रिवर फ्रंट के विकास को लेकर नगर परिषद, खगड़िया को समुचित एवं आकर्षक डिज़ाइन तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रिवर फ्रंट को इस प्रकार विकसित किया जाए कि यह नागरिकों के लिए सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं उपयोगी स्थल के रूप में उभर सके।

इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार की पहल पर कसरैया धार को एक संभावित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को लेकर स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का विस्तृत आकलन किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सुनियोजित विकासात्मक योजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि प्राकृतिक स्वरूप को क्षति पहुंचाए बिना पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल शहरी एवं ग्रामीण अधोसंरचना सुदृढ़ होगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। इससे क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार, स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे तथा खगड़िया जिले की पहचान एक सुविकसित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में स्थापित होगी।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री विजयंत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी सुश्री कृतिका मिश्रा, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री विवेक सुगंध, वरीय उप समाहर्ता श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *